नागौर। विश्व स्तरीय गौ चिकित्सालय, नागौर के गोभक्त श्री श्री 1008 श्री कुशाल गिरी जी महाराज के आह्वान पर चलाए जा रहे गो सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण के तहत 27 जुलाई को देशभर में विभिन्न जिला एवं तहसील मुख्यालयों पर कामधेनु सैनिकों एवं गोभक्तों ने शांतिपूर्ण ढंग से ज्ञापन सौंपे।
इसी क्रम में कामधेनु सेना के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी महावीर पारीक ने भी प्रशासन को पत्र सौंपकर अभियान की मांगों से अवगत कराया। पत्र के माध्यम से गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने, गोसेवा के लिए केंद्रीय कानून बनाने तथा देश में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को सरकार तक पहुंचाने का आग्रह किया गया।
अभियान के तहत जोधपुर, श्रीगंगानगर, डीडवाना-कुचामन, बीकानेर सहित देश के अनेक जिलों में कामधेनु सैनिक एवं गोभक्त जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं संबंधित मुख्यमंत्रियों के नाम ज्ञापन सौंपने पहुंचे।
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी महावीर पारीक ने कहा कि गोवंश संरक्षण केवल धार्मिक विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यावरण से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि श्री श्री 1008 श्री कुशाल गिरी जी महाराज के आह्वान पर शुरू हुआ यह अभियान देशभर में गोसेवा एवं गोसंरक्षण के प्रति जनजागरण का माध्यम बन रहा है।
उन्होंने प्रशासन से ज्ञापन को उचित माध्यम से सरकार तक पहुंचाने तथा अभियान की मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया।


