महामहिम राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े ने नशामुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में की सहभागिता

महामहिम राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े ने नशामुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में की सहभागिता

विकसित भारत के निर्माण के लिए युवा पीढ़ी का नशामुक्त होना अत्यंत आवश्यक : राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े

संवाददाता – संतोष व्यास
डूंगरपुर। नशामुक्त समाज के निर्माण और जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच जन-जन तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजस्थान के महामहिम राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े ने गुरुवार देर शाम जिले के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, देवल खास में आयोजित ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत नशा मुक्ति चौपाल कार्यक्रम में शिरकत की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल श्री बागड़े ने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की वास्तविक आधारशिला हैं। राजस्थान के शौर्यपूर्ण इतिहास का स्मरण कराते हुए उन्होंने बप्पा रावल, महाराणा प्रताप और राणा सांगा जैसे महापुरुषों के जीवन से अनुशासन, संयम और दृढ़ संकल्प की प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से खोखला कर देता है, जिससे पूरा परिवार प्रभावित होता है। इसलिए समाज के सभी वर्गों के संयुक्त प्रयासों से ही नशे की प्रवृत्ति का पूर्ण उन्मूलन संभव है।
महामहिम राज्यपाल ने आमजन, विशेषकर किसानों और काश्तकारों से केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं अनुदानों का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने पात्र नागरिकों को सलाह दी कि वे अपने क्षेत्र के संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सरकारी योजनाओं से जुड़ें। इसके अतिरिक्त, उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने का आग्रह करते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही गरीबी उन्मूलन और एक समृद्ध राष्ट्र के निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है।
संवाद कार्यक्रम के दौरान मन की उड़ान संस्थान, राजीविका की महिलाओं, पाल गामड़ी ग्राम पंचायत प्रशासक, छात्रों और स्थानीय नागरिकों ने नशे के दुष्प्रभावों और इसके निवारण पर राज्यपाल से विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम के समापन पर राज्यपाल बागड़े ने अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आमजन को जीवन में कभी नशा न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई।


इस अवसर पर उदयपुर संभागीय आयुक्त श्रीमती प्रज्ञा केवल रमानी, जिला कलक्टर देशलदान, जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रकाश चंद्र रेगर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी हनुमान सिंह राठौड़, डूंगरपुर विधानसभा प्रत्याशी बंशी लाल कटारा सहित प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्काउट-गाइड व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन व्याख्याता वैभव पाठक ने किया।

Back To Top