बाल कवयित्री किम भारतीय की कविता यूँ ही नहीं मिली आज़ादी का एसपी ने किया विमोचन.जिले के सभी विद्यालयों और विद्यार्थियों तक पहुँचेगा शहीदों की शहादत का संदेश

बाल कवयित्री किम भारतीय की कविता यूँ ही नहीं मिली आज़ादी का एसपी ने किया विमोचन

जिले के सभी विद्यालयों और विद्यार्थियों तक पहुँचेगा शहीदों की शहादत का संदेश

संवाददाता – संतोष व्यास
डूंगरपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर अमर शहीदों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रप्रेम को समर्पित डूंगरपुर की बाल कवयित्री व जनजागरूकता प्रेरक किम भारतीय की स्वरचित देशभक्ति कविता यूँ ही नहीं मिली आज़ादी का विमोचन जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने किया।
कक्षा 8 की छात्रा किम द्वारा रचित यह कविता देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करती है। साथ ही, यह नई पीढ़ी को शहीदों की शहादत याद रखने और मातृभूमि के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने का सशक्त संदेश देती है।

– रचनात्मक पहल की एसपी ने की सराहना
विमोचन के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बाल कवयित्री किम की इस पहल की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि बच्चों द्वारा राष्ट्र और समाज से जुड़े विषयों पर इस प्रकार की सकारात्मक व रचनात्मक पहल करना अत्यंत प्रेरणादायी है। ऐसे प्रयास भावी पीढ़ी में देशभक्ति के संस्कारों को सिंचित करते हैं। कविता में शहीदों के बलिदान, तिरंगे के सम्मान, मातृभूमि के प्रति निष्ठा और एक जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना को बेहद सरल एवं मर्मस्पर्शी शब्दों में प्रस्तुत किया गया है।

– हर विद्यालय तक पहुँचेगा देशभक्ति का संदेश
कविता की प्रेरणा के संबंध में किम भारतीय ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें यह पंक्तियाँ लिखने की प्रेरणा मिली। उनका मुख्य उद्देश्य बच्चों में स्वतंत्रता के वास्तविक मूल्य को समझाना और उनके भीतर राष्ट्रप्रेम का संकल्प जगाना है।
किम ने बताया कि इस कविता को जिले के अधिकाधिक विद्यालयों, विद्यार्थियों, साहित्यिक एवं सामाजिक संस्थाओं तक पहुँचाया जाएगा, ताकि हर बच्चे तक शहीदों की गाथा और देशभक्ति की चेतना पहुँच सके। उल्लेखनीय है कि किम भारतीय न केवल कविता लेखन में रुचि रखती हैं, बल्कि वे विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरूकता गतिविधियों में भी अग्रणी भूमिका निभाती रही हैं। इससे पूर्व भी उन्होंने सड़क सुरक्षा अभियान, मतदाता जागरूकता, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर समाज को जागरूक करने का संदेश दिया है। विमोचन के इस विशेष अवसर पर किम के माता-पिता ब्रिजेश कुमार सोमपुरा और नीता सोमपुरा भी उपस्थित रहे

Back To Top