राजस्थान में ANTF का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार: नागौर, जोधपुर और राजसमंद में तीन बड़ी कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार, 340 गांजे के पौधे जब्त

राजस्थान में ANTF का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार: नागौर, जोधपुर और राजसमंद में तीन बड़ी कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार, 340 गांजे के पौधे जब्त

जयपुर, 3 अगस्त। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने प्रदेश में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए नागौर, जोधपुर और राजसमंद जिलों में एक साथ तीन बड़ी कार्रवाई की। इन अभियानों में अवैध स्मैक, प्रतिबंधित नशीली दवाइयां, गांजे के 340 हरे पौधे तथा नशीले पदार्थों से अर्जित नकदी बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

ANTF के महानिरीक्षक पुलिस शरत कविराज ने बताया कि पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा एवं अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के निर्देशन में प्रदेशभर में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

नागौर में स्मैक व नकदी बरामद

नागौर जिले के मेड़ता रोड थाना क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के कब्जे से 14.79 ग्राम अवैध स्मैक तथा नशीले पदार्थों की बिक्री से अर्जित 23,200 रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

जोधपुर में 4095 प्रतिबंधित गोलियां जब्त

जोधपुर जिले के झंवर थाना क्षेत्र स्थित एक मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई करते हुए ANTF और स्थानीय पुलिस ने 1170 ट्रामाडोल एवं 2925 अल्प्राजोलम टैबलेट सहित कुल 4095 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद कीं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

राजसमंद में 340 गांजे के पौधे नष्ट

राजसमंद जिले के श्रीनाथजी मंदिर थाना क्षेत्र के एक खेत में अवैध रूप से उगाए गए 340 गांजे के हरे पौधे बरामद किए गए। पुलिस ने पौधों को जब्त कर नष्ट किया तथा संबंधित प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

IG शरत कविराज ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की तस्करी या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना ANTF कंट्रोल रूम के फोन 0141-2502877 अथवा व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

Back To Top