जयपुर में UGC रोलबैक आंदोलन पर बवाल! प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछार और लाठीचार्ज के आरोप
जयपुर। श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना के आह्वान पर यूजीसी (UGC) नियमों को वापस लेने की मांग को लेकर जयपुर में आयोजित विरोध-प्रदर्शन के दौरान उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पानी की बौछार (वॉटर कैनन) और लाठीचार्ज करने के आरोप लगाए।
प्रदर्शनकारी जिला कलेक्टर, जयपुर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे। उनका कहना था कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से चल रहा था और वे केवल अपनी मांग सरकार तक पहुंचाना चाहते थे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा एवं समाज के अन्य लोग भी शामिल थे।
घटना के बाद प्रदर्शनकारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उनका आरोप है कि महिलाओं और युवाओं पर बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि यदि आंदोलन शांतिपूर्ण था तो फिर इतनी बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती और बल प्रयोग की आवश्यकता क्यों पड़ी?
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने का अधिकार देता है। उन्होंने सरकार से यूजीसी नियमों को तत्काल वापस लेने, घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की।
हालांकि, इस संबंध में पुलिस एवं प्रशासन की ओर से जो भी आधिकारिक पक्ष या स्पष्टीकरण होगा, उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Justice Ambit निष्पक्ष पत्रकारिता के सिद्धांतों का पालन करते हुए इस मामले के सभी पक्षों को सामने लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

