लाडनूं में 17 अक्टूबर को होगा कन्या पूजन एवं नौ दुर्गा, चौंसठ योगिनी और बाबा भैरवनाथ की विशेष पूजा का आयोजन भैया बगीची मंदिर में सर्व समाज की कन्याओं का होगा पूजन, निराहार तपस्वियों सहित जैन धर्म की अठाई व मास-खमण तपस्या करने वालों का किया जाएगा सम्मान

लाडनूं में 17 अक्टूबर को होगा कन्या पूजन एवं नौ दुर्गा, चौंसठ योगिनी और बाबा भैरवनाथ की विशेष पूजा का आयोजन
भैया बगीची मंदिर में सर्व समाज की कन्याओं का होगा पूजन, निराहार तपस्वियों सहित जैन धर्म की अठाई व मास-खमण तपस्या करने वालों का किया जाएगा सम्मान

लाडनूं (जस्टिस एम्बिट)। लाडनूं में नवरात्र के पावन अवसर पर 17 अक्टूबर को पहली पट्टी स्थित जैन विश्व भारती रोड के भैया बगीची हनुमान मंदिर में कन्या पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में सर्व समाज की कन्याओं का पूजन करने के साथ नौ दुर्गा, चौंसठ योगिनी एवं बाबा भैरवनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रेलवे स्टेशन के सामने स्थित वीर हनुमान मंदिर परिसर में समाजसेवी विनोद पटावरी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। इसमें लाडनूं विकास संस्थान के अध्यक्ष डॉ. शंकर आकाश ने कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर को सायंकाल 4 बजे भैया बगीची हनुमान मंदिर में कन्या पूजन कार्यक्रम होगा। आयोजन में किसी प्रकार का चंदा या अर्थ संग्रह नहीं किया जाएगा। कन्या पूजन करने वाले श्रद्धालु अपने हाथों से कन्याओं को पूजन सामग्री समर्पित करेंगे।
तपस्वियों का होगा सम्मान
कार्यक्रम के दौरान नवरात्र में निराहार रहकर तपस्या करने वाले श्रद्धालुओं के साथ जैन धर्म में अठाई एवं मास-खमण जैसी कठिन तपस्या करने वाले तपस्वियों का भी सम्मान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया जाएगा तथा कन्या भ्रूण हत्या के विरोध में शपथ दिलाकर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
विभिन्न समितियों को सौंपी जिम्मेदारी
आयोजन को सफल बनाने के लिए आसपास के लोगों की विभिन्न समितियां गठित कर उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कार्यक्रम के सह-आयोजक श्री शिवाय परिवार एवं लाडनूं महिला मंडल रहेंगे।
बैठक में चंद्रेश गोलछा, संजय राणा, मूलचंद घोसल, राहुल सोनी, प्रवीण बैद, महेंद्र गोलछा, निर्मल बोरड़ (कोलकाता), राजकुमार तुनगरिया, अनूप लोहिया, शिव शंकर बोहरा, कमल टाक, राजपाल सिंह चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता, कन्या सम्मान, तपस्या के प्रति आदर और नशा मुक्ति जैसे जनहित के संदेशों को समाज तक पहुंचाना है।

Back To Top