राउमावि छैला खेरवाड़ा में विधायक गणेश घोघरा का औचक निरीक्षण; एक थाली में खाना खाने को मजबूर मासूम, व्यवस्थाओं में भारी धांधली उजागर
शिक्षकों की लेटलतीफी, पोषाहार में फर्जीवाड़ा और जर्जर भवन का सच आया सामने; मनमानी करने वाले शिक्षक पर विभागीय कार्रवाई के निर्देश
संवाददाता – संतोष व्यास
डूंगरपुर। जिले के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय छैला खेरवाड़ा में शिक्षा व्यवस्था की बदहाली और मूलभूत सुविधाओं की बदतर स्थिति उजागर हुई है। शिक्षकों की कमी और मध्याह्न भोजन वितरण में गंभीर अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर डूंगरपुर विधायक गणेश घोघरा ने मंगलवार को विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिली व्यापक खामियों और अव्यवस्थाओं को देखकर विधायक ने गहरी नाराजगी और चिंता व्यक्त की।

– एक ही थाली में 3-4 बच्चे खाने को मजबूर, पढ़ाई में भारी लापरवाही
निरीक्षण के दौरान स्कूल की जो तस्वीर सामने आई, वह बेहद चिंताजनक थी। मध्याह्न भोजन वितरण में भारी फर्जीवाड़ा पाया गया, जहां बच्चों को पर्याप्त पोषण देने के बजाय एक ही थाली में तीन से चार बच्चों को खाना खाने के लिए मजबूर किया जा रहा था। शिक्षा के स्तर की जांच के लिए जब शिक्षक डायरी और छात्रों की कॉपियों का मिलान किया गया, तो उसमें भारी अंतर पाया गया, जिससे अध्यापन कार्य में बरती जा रही गंभीर लापरवाही स्पष्ट उजागर हुई। इसके अलावा कई शिक्षकों की समय पर न आने की पोल भी खुली।
– दबाव और धौंस जमाने वाले शिक्षक पर गाज, उदयपुर डेपुटेशन का मामला भी उछला
विद्यालय के माहौल को लेकर भी गंभीर शिकायतें सामने आईं। स्टाफ सदस्यों ने शिक्षक धनेश्वर हड़ात पर स्कूल का माहौल खराब करने, अन्य शिक्षकों व कार्यवाहक प्रधानाचार्य को डराने-धमकाने और धौंस जमाने का आरोप लगाया। विधायक घोघरा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाया और शिक्षक के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में यह बात भी सामने आई कि स्कूल की एक शिक्षिका की प्रतिनियुक्ति लंबे समय से उदयपुर में है, लेकिन उनका पद और वेतन इसी स्कूल से जारी हो रहा है। इसके चलते यहां एक सीट खाली पड़ी है और स्थानीय विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

– जर्जर भवन से हादसे का खतरा, अभिभावक टीसी कटवाने को मजबूर
विद्यालय परिसर की स्थिति भी अत्यंत दयनीय पाई गई। कई कमरे पूरी तरह जर्जर और खंडहर में तब्दील हो चुके हैं, जिससे हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। विधायक ने कहा कि स्कूल की इन बदहाल स्थितियों और राजनीति का अखाड़ा बन चुके माहौल से तंग आकर अभिभावक अपने बच्चों की टीसी कटवाने को मजबूर हो रहे हैं।
विधायक गणेश घोघरा ने मौके से ही विभागीय उच्च अधिकारियों को पूरी स्थिति से अवगत कराया और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त से सख्त प्रशासनिक कदम उठाने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी कार्मिक को बख्शा नहीं जाएगा

