लाडपुरा में तिरंगे की छांव में उमड़ा देशप्रेम, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने निकाली प्रेरणादायी रैली

लाडपुरा में तिरंगे की छांव में उमड़ा देशप्रेम, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने निकाली प्रेरणादायी रैली

संवाददाता/ रियां बड़ी नागौर मुरलीधर पारीक

थांवला, 12 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चल रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत निकटवर्ती ग्राम लाडपुरा में बुधवार को देशभक्ति से सराबोर माहौल देखने को मिला। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लाडपुरा के तत्वावधान में आयोजित तिरंगा रैली में विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

रैली का शुभारंभ विद्यालय परिसर से हुआ। हाथों में तिरंगा लिए छात्र-छात्राएं गौरव पथ, मुख्य बस स्टैंड और गांव के प्रमुख मार्गों से होकर निकले। पूरे रास्ते भारत माता की जय, वंदे मातरम् और अन्य देशभक्ति नारों की गूंज सुनाई देती रही। ग्रामीणों ने जगह-जगह रैली का स्वागत कर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कीर्ति जैन ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने ग्रामीणों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने और बच्चों में राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने का आह्वान किया।

रैली के समापन पर विद्यालय परिसर में आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में विद्यार्थियों को राष्ट्रध्वज के महत्व और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की जानकारी दी गई। आयोजन में विद्यालय परिवार के सभी सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे, जिससे पूरा लाडपुरा गांव देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

Back To Top