पंचायत व निकाय चुनाव से पहले आमजन युवा शक्ति पार्टी ने झोंकी ताकत, महिला शक्ति मोर्चा की कार्यकारिणी गठित
गलियाकोट और सागवाड़ा क्षेत्र से बड़ी संख्या में महिलाओं व युवाओं ने थामा पार्टी का दामन

संवाददाता – संतोष व्यास
डूंगरपुर। आगामी पंचायत समिति एवं नगर निकाय चुनावों की आहट के बीच क्षेत्रीय राजनीति में सरगर्मियाँ तेज़ हो गई हैं। चुनावी तैयारियों को गति देते हुए आमजन युवा शक्ति पार्टी ने अपना संगठन विस्तार अभियान तेज़ कर दिया है। शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में आयोजित एक वृहद सदस्यता अभियान के दौरान सागवाड़ा और गलियाकोट क्षेत्र के दर्जनों युवाओं और महिलाओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर पार्टी की ओर से महिला शक्ति मोर्चा की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि पार्टी भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी और जनहितैषी व्यवस्था स्थापित करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि आमजन युवा शक्ति पार्टी हर नागरिक के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। आगामी पंचायत और नगर निकाय चुनाव इस बदलाव की शुरुआत होंगे।
वहीं, राष्ट्रीय संयोजक लीलाराम पंड्या ने कार्यकर्ताओं को एकजुटता का मंत्र देते हुए वागड़ क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए आगामी चुनावों में जीत हासिल करने का आह्वान किया।
– संविधान और सिद्धांतों की दिलाई गई शपथ
समारोह के दौरान राष्ट्रीय सदस्य मोहित कुमार और सागवाड़ा ब्लॉक उपाध्यक्ष नरेश कलाल ने नए सदस्यों को पार्टी के सिद्धांतों, नीतियों और जनकल्याण के संकल्पों की शपथ दिलाई। सदस्यता लेने वालों में आशा परमार, कल्पना दवे, कमला दर्जी, मीठी परमार, पुष्पा रोत, प्रभुलाला भगोरा, सुरेश आहारी, पुष्पा आहारी, आशा पारगी, जया जोशी, देवकी पंड्या, रेखा पंचाल, चमेली दवे, गायत्री दवे, विमला जोशी, सुशील जोशी, मणिबेन पंड्या, गीता दवे, शर्मिला पंचाल और बबीता पंचाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में शीर्ष पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि महिलाओं और युवाओं की इस भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और पार्टी आगामी चुनावों में पूरी मजबूती के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी।

