गौ सम्मान आह्वान अभियान की गूंज पहुंची लाडनूं के गांव-गांव तक
तीसरे चरण की तैयारियों को लेकर श्री राम आनंद गौशाला में संतों और गौ भक्तों की बैठक, 17 दिसंबर को जयपुर में जुटेगा प्रदेशभर का गौ भक्त समाज

लाडनूं( Justice Ambit) गौ माता की सेवा, सम्मान और सुरक्षा के संकल्प को लेकर देशभर में संचालित गौ सम्मान आह्वान अभियान के तीसरे चरण के तहत मंगलवार को लाडनूं स्थित श्री राम आनंद गौशाला में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में संत-महात्माओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गौ भक्तों ने भाग लेकर अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा 17 दिसंबर को जयपुर में प्रस्तावित प्रदेशव्यापी कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
बैठक का शुभारंभ संत रामस्वरूप जी द्वारा अभियान का गीत प्रस्तुत कर किया गया। इसके पश्चात संत सुदर्शन दास जी ने अभियान के उद्देश्य एवं मांगों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अभियान का मूल संकल्प संपूर्ण भारतवर्ष को गौ हत्या के कलंक से मुक्त करवाना है। गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाना, गोचर बोर्ड की स्थापना, प्रत्येक गांव में नंदीशाला का निर्माण, गौ चिकित्सालयों को प्रोत्साहन एवं गौशालाओं के अनुदान में वृद्धि जैसी महत्वपूर्ण मांगों को लेकर यह जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है।
संत सुदर्शन दास जी ने बताया कि यह अभियान संपूर्ण भारत में संचालित हो रहा है। आगामी 17 दिसंबर को राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से साधु-संत, महात्मा एवं हजारों गौ भक्त जयपुर में एकत्रित होकर गौ माता की सेवा, सम्मान एवं सुरक्षा से जुड़ी मांगों को लेकर राज्य सरकार को प्रार्थना पत्र सौंपेंगे।
गांव-गांव हस्ताक्षर अभियान से जुड़ रहे लोग
बैठक में राजेंद्र जोशी ने कहा कि लाडनूं तहसील के गांव-गांव तक अभियान का संदेश पहुंचाया जा रहा है। आमजन को अभियान से जोड़ने के साथ ही मांगों के समर्थन में हजारों लोगों के हस्ताक्षर करवाए जा रहे हैं, ताकि जनभावनाओं को संगठित रूप से सरकार तक पहुंचाया जा सके।
पार्षद सुनीता सोनी ने कहा कि 17 दिसंबर को जयपुर पहुंचने के लिए बसों की व्यवस्था की जाएगी और अधिक से अधिक संख्या में गौ भक्तों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि गौ माता की सेवा एवं सुरक्षा के इस अभियान में मातृशक्ति भी बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाएगी।
बैठक में उपस्थित रहे गौ भक्त
इस अवसर पर अभियान के प्रचारक रवि भार्गव, कामधेनु सेना के राष्ट्रीय सचिव पंडित अरविंद पारीक, विष्णु दत्त पारीक, नारायण लाल शर्मा, कमल कुमार पारीक, भेरूलाल उपाध्याय, गोविंद सोनी, सुनील कुमार माथुर, हंसराज सोनी, नवीन जैन, लकी शर्मा, अनिरुद्ध शर्मा, नितिन चौहान, संतोष जोशी सहित अनेक गौ भक्त उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अभियान का बैनर एवं प्रचार सामग्री प्रदर्शित कर आमजन को अभियान की मांगों और 17 दिसंबर को जयपुर में प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी दी गई।
गौ सम्मान का संकल्प, जन-जन तक अभियान का संदेश
लाडनूं में आयोजित इस बैठक के माध्यम से गौ भक्तों ने स्पष्ट किया कि गौ माता की सेवा, सम्मान और सुरक्षा केवल किसी एक संगठन का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता और जनजागरण का विषय है। अब अभियान को तहसील के प्रत्येक गांव तक पहुंचाकर 17 दिसंबर को जयपुर में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

