डेगाना में एक दिन में एक लाख पौधारोपण का ऐतिहासिक अभियान सफल, जनभागीदारी से हरित भविष्य की मजबूत नींव

डेगाना में एक दिन में एक लाख पौधारोपण का ऐतिहासिक अभियान सफल, जनभागीदारी से हरित भविष्य की मजबूत नींव

नागौर ::पर्यावरण संरक्षण एवं ‘हरियालो राजस्थान” अभियान के संकल्प को साकार करने की दिशा में 4 अगस्त 2026 को नागौर के डेगाना की पंचायत समिति बैरून्दा में एक दिन में एक लाख पौधारोपण का ऐतिहासिक लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। पंचायत समिति क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत को चार हजार पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया था, जिसे ग्राम पंचायतों के सामूहिक प्रयास और जनसहभागिता से निर्धारित समय में पूर्ण कर लिया गया। यह अभियान क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया।

कार्यक्रम का मुख्य आयोजन नवगठित ग्राम पंचायत सुरपुरा, ग्राम पंचायत निबोला बिसियां तथा पिरामिड वैली स्थित तेजाजी हर्सौर परिसर में आयोजित किया गया। इन स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया और अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का संदेश दिया। सभी प्रतिभागियों ने पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी सामूहिक संकल्प लिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डेगाना विधायक अजय सिंह किलक ने कहा कि पौधारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में पौधों की देखरेख के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित करने, जल उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा दीर्घकालिक संरक्षण की दिशा में प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नागौर जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक यदि पौधारोपण के साथ उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए, तो हरित एवं स्वच्छ भविष्य का सपना साकार किया जा सकता है। उन्होंने सभी से पौधों की नियमित देखभाल करने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में जन्म प्रतिनिधि, प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी, समाज सेवि संस्थाओं के प्रतिनिधि, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं व ग्रामवासी उपस्थित रहे ।

Back To Top